Tuesday, October 20th, 2026

IRCTC से अब बस टिकट भी होगी बुक

नई दिल्ली

भारत के नागरिक अब IRCTC की वेबसाइट से भी बस टिकट (Bus Ticket) बुक करा सकेंगे। इंडियन रेलवे केटरिंग एंड टूरिज्म काॅरपोरेशन लिमिटेड (IRCTC) ने यात्रियों के लिए ऑनलाइन बस बुकिंग सेवा शुरू की है। अभी तक IRCTC की वेबसाइट से यात्री रेल टिकट के अलावा फ्लाइट टिकट (Flight Ticket) की बुकिंग भी ऑनलाइन करा सकते थे। अब IRCTC के जरिए रेल, फ्लाइट और बस टिकट की बुकिंग ऑनलाइन कराई जा सकेगी।

IRCTC  की ओर से जारी बयान के मुताबिक, ऑनलाइन बस बुकिंग सर्विस का IRCTC मोबाइल ऐप पर इंटीग्रेशन मार्च के पहले सप्ताह में हो जाने की उम्मीद है। इससे यात्री मोबाइल के जरिए भी IRCTC से बस टिकट बुक करा सकेंगे। IRCTC का कहना है कि इस नई सुविधा से उन यात्रियों के लिए लास्ट माइल कनेक्टिविटी और बेहतर हो सकेगी, जो पहले से IRCTC के जरिए रेल और फ्लाइट टिकट बुक कराते हैं।

नई माइक्रोसाइट से होगी बुकिंग
बयान में कहा गया है कि बस टिकट बुकिंग के लिए नई माइक्रोसाइट www.bus.irctc.co.in शुरू की गई है। यात्री यहां से घर बैठे अपनी पसंद की बस में अपनी सुविधानुसार सीट सिलेक्ट कर बुकिंग कर सकेंगे। IRCTC ने ऑनलाइन बस टिकट बुकिंग सर्विस मुहैया कराने के लिए 22 राज्यों और 3 केन्द्र शासित प्रदेशों को कवर करने वाले 50000 से ज्यादा राज्य सड़क परिवहन और प्राइवेट बस ऑपरेटर्स के साथ साझेदारी की है।

 

#IRCTC

Source : Agency

पाठको की राय